CG News: रायपुर–नवा रायपुर रूट पर जल्द शुरू होंगी आधुनिक ई-बसें, संचालन के लिए टेंडर जारी
CG News: नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) ने रायपुर से नवा रायपुर रूट पर 40 इलेक्ट्रिक बसें चलाने के लिए डीवी प्रोजेक्ट लिमिटेड को 73.80 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टेंडर दिया है, वर्कऑर्डर मिलने के बाद 6 महीने के भीतर बसों का संचालन शुरू होगा.

10 साल की अवधि के लिए टेंडर जारी
ई-बसों के संचालन के लिए एनआरडीए ने चीचा क्षेत्र में एक डिपो का निर्माण शुरू किया है, इसमें बसों की पार्किंग, चार्जिंग स्टेशन और मेंटेनेंस की सुविधा होगी, चार्जिंग प्वाइंट कंपनी द्वारा तैयार किए जाएंगे, टेंडर 10 साल की अवधि के लिए जारी किया गया है.
पर्यावरण और लागत में लाभ
एनआरडीए अधिकारियों के अनुसार, ई-बसों के आने से रायपुर–नवा रायपुर क्षेत्र में प्रदूषण कम होगा और ईंधन पर होने वाला खर्च भी घटेगा, डीजल और सीएनजी बसों की तुलना में इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण के लिए सुरक्षित हैं.
नई बसों की विशेषताएं
ई-बसें सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड से लैस होंगी, इसका मतलब है कि यात्रियों की सुरक्षा और बसों की लाइव मॉनिटरिंग दोनों सुनिश्चित होंगे, रायपुर–नवा रायपुर के बीच वर्तमान अधिकतम किराया 45 रुपए है, नई बसों के आने के बाद किराया में कोई बदलाव नहीं होने की संभावना है, डीजल बसों को धीरे-धीरे हटाया जाएगा.
6 महीने में सेवा शुरू
एनआरडीए के सीईओ चंदन कुमार ने बताया कि, टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 6 महीने के भीतर ई-बसों का संचालन शुरू होगा, इससे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-मित्र परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा.



