Jashpur News: जशपुर में पर्यटन और रोजगार को नई दिशा, मुख्यमंत्री साय ने मयाली-बगीचा विकास परियोजना का किया भूमिपूजन
Jashpur News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले के मयाली नेचर कैंप में 10 करोड़ रुपए की लागत से मयाली-बगीचा विकास परियोजना का भूमिपूजन किया, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, जशपुर अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि साहसिक पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों का भी प्रमुख गंतव्य बनेगा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस पर्यटन केंद्र
परियोजना में पांच आधुनिक पर्यटक कॉटेज, कॉन्फ्रेंस और कन्वेंशन हॉल, भव्य प्रवेश द्वार और मधेश्वर पर्वत क्षेत्र में लैंडस्केपिंग तथा पाथवे का विकास किया जाएगा, बगीचा की कैलाश गुफा में घाट, रेस्टिंग शेड और रेलिंग का जीर्णोद्धार कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

स्थानीय रोजगार और होम-स्टे नीति
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, पर्यटन को स्थानीय रोजगार से जोड़ा जाएगा, होम-स्टे नीति के तहत ग्रामीण अपने घरों को पर्यटकों के लिए होम-स्टे में बदल सकते हैं, प्रस्तावित स्किल डेवलपमेंट सेंटर में युवाओं को टूर गाइड, होटल मैनेजमेंट, एडवेंचर टूरिज्म और डिजिटल बुकिंग जैसी ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे रोजगार और पलायन पर रोक लगेगी.

साहसिक खेल और फिटनेस गतिविधियां
मयाली नेचर कैंप में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स की शुरुआत की गई, मुख्यमंत्री ने एटीवी राइड, मोटरबाइक ट्रैक, बैलून शूटिंग, धनुष-बाण और माउंटेन साइकिलिंग कर खेलों और फिटनेस का संदेश दिया, इसके अलावा बॉक्स क्रिकेट में बल्लेबाजी कर उन्होंने युवाओं को खेल-कूद में भाग लेने के लिए प्रेरित किया.
कैक्टस गार्डन और पर्यावरण जागरूकता
कैंप में विकसित किए जा रहे कैक्टस गार्डन में देशभर की विभिन्न कैक्टस प्रजातियों को संरक्षित किया जाएगा, इसका उद्देश्य पर्यटकों को आकर्षित करना और बच्चों व युवाओं को जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है.



