CG News: छत्तीसगढ़ में रजिस्ट्री व्यवस्था को मिली बड़ी मजबूती
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने रजिस्ट्री सेवाओं को आसान बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। तीन जिलों में चार नए उप पंजीयक कार्यालय खुलेंगे। इससे आम नागरिकों को समय और धन की बचत होगी। इन कार्यालयों में पंजीयन विभाग के 10 आधुनिक डिजिटल सुधार भी लागू होंगे।
नए उप पंजीयक कार्यालयों को मिली मंजूरी
छत्तीसगढ़ सरकार ने आम नागरिकों को रजिस्ट्री और पंजीयन से जुड़ी सेवाएं अधिक सरल और सुलभ बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रदेश के तीन जिलों में चार नए उप पंजीयक कार्यालय खोलने की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से अब लोगों को रजिस्ट्री के लिए जिला मुख्यालयों तक भटकना नहीं पड़ेगा।

इन स्थानों पर खुलेंगे नए कार्यालय
रजिस्ट्रीकरण अधिनियम-1908 के तहत स्वीकृत नए उप पंजीयक कार्यालय भखारा (जिला धमतरी), लवन (तहसील मुख्यालय, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा), सकरी (जिला बिलासपुर) और राजकिशोर नगर (जिला बिलासपुर) में स्थापित किए जाएंगे। इन कार्यालयों के खुलने से आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
डिजिटल सुधारों से पारदर्शिता बढ़ेगी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस फैसले को सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को नागरिकों के दरवाजे तक पहुंचाना है। वहीं वित्त एवं वाणिज्य कर (पंजीयन) मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि इन नए कार्यालयों में पंजीयन विभाग के 10 क्रांतिकारी सुधार लागू होंगे। इनमें ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, ऑटो डीड जनरेशन, स्वतः नामांतरण, व्हाट्सएप और डिजीलॉकर आधारित सेवाएं, कैशलेस भुगतान, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन और ऑनलाइन सर्च जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इन सुधारों से पारदर्शिता बढ़ेगी और धोखाधड़ी की संभावना भी कम होगी।



