Jashpur News: जशपुर में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन, 24×7 हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को दिखाई गई हरी झंडी
Jashpur News: जशपुर जिले में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का विधिवत समापन हो गया, इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और हाइवे अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से एक विशेष हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
1 से 31 जनवरी तक चला जागरूकता अभियान
जशपुर पुलिस द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था, समापन कार्यक्रम एसडीओपी जशपुर कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया.
![]()
24 घंटे सक्रिय रहेगी हाइवे पेट्रोलिंग टीम
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को रवाना किया, यह वाहन लोरो घाट से कुनकुरी तक 24 घंटे नियमित पेट्रोलिंग करेगा और किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा.
दी गई सड़क सुरक्षा की जानकारी
माहभर चले अभियान के दौरान जिलेभर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, समापन समारोह में उपस्थित नागरिकों एवं छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई.

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार सहित कई वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत ‘सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा’ थीम पर निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को समापन समारोह में प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
नियमों के पालन से ही जीवन सुरक्षित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों के सख्त पालन की अपील की, उन्होंने कहा कि, सुरक्षित यातायात से ही जीवन की रक्षा संभव है.
जिलेभर में चला व्यापक जन-जागरूकता अभियान
पूरे माह जशपुर पुलिस ने हॉट बाजारों, स्कूलों और कॉलेजों में वीडियो, नुक्कड़ नाटक, हेलमेट बाइक रैली और ऑटो रैली के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान चलाया, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, नेहरू युवा केंद्र के युवाओं और पुलिस बल ने चौक-चौराहों पर जाकर नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया.




