CG News: सिरपुर महोत्सव 2026 का शुभारंभ: सीएम साय ने दिया 200 करोड़ के विकास कार्यों का तोहफा, विश्व धरोहर बनाने का संकल्प
CG News: छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को महासमुंद जिले के प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल सिरपुर में तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया, इस अवसर पर सिरपुर की गौरवशाली विरासत, कला और संस्कृति को भव्य मंच प्रदान किया गया.
200 करोड़ की विकास योजनाओं की घोषणा
मुख्यमंत्री ने सिरपुर और महासमुंद जिले के विकास के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी, उन्होंने घोषणा की कि, सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय टूरिस्ट कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा और सरकार इसे विश्व धरोहर की सूची में शामिल कराने के लिए ठोस प्रयास करेगी.

पर्यटन सुविधाओं का होगा विस्तार
सीएम साय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय और देशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सिरपुर में आधुनिक सड़कें, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, आकर्षक लाइटिंग सिस्टम और अत्याधुनिक टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा, इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.
सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का संगम
महोत्सव में मलेशिया, कोरिया और जापान से पहुंचे बौद्ध विचारकों की मौजूदगी को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने सिरपुर को सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का अद्भुत संगम बताया, उन्होंने कहा कि, सिरपुर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है.
पुरातात्विक धरोहर के संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए विशेष कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली अतीत को समझ सकें और उस पर गर्व कर सकें.
किसानों के लिए जल परियोजनाओं की सौगात
सीएम साय ने सिरपुर बैराज की जल्द स्वीकृति और सिकासेर–कोडार डैम लिंक परियोजना का भी उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि, इन परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा और कृषि को मजबूती मिलेगी.



