CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का ओडिशा और छत्तीसगढ़ दौरा, शिक्षा, आदिवासी कल्याण और संस्कृति पर विशेष जोर
CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से 7 फरवरी 2026 तक ओडिशा और छत्तीसगढ़ के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगी, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के विस्तार, आदिवासी कल्याण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देना है, राष्ट्रपति अपने दौरे की शुरुआत आज शाम ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचकर करेंगी.
बालासोर में दीक्षांत समारोह और ऑडिटोरियम उद्घाटन
3 फरवरी को राष्ट्रपति मुर्मु बालासोर स्थित फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी, इस अवसर पर वह विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित आधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन भी करेंगी, यह कदम पूर्वी भारत में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

मयूरभंज में आदिवासी विरासत को सम्मान
4 फरवरी को राष्ट्रपति मयूरभंज जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्र राइरांगपुर पहुंचेंगी, यहां वह प्रख्यात आदिवासी नेता भान्जबीर सुनाराम सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी, इसके बाद महुलदीहा स्थित शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं से संवाद कर उन्हें प्रेरित करेंगी.
आदिवासी क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं की सौगात
राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमि पूजन करेंगी, इनमें शासकीय आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, ओडिशा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर के विकास कार्य, आर्चरी सेंटर, शहर सौंदर्यीकरण और ड्रेनेज सुधार योजनाएं, विभिन्न सीएसआर परियोजनाएं तथा एमएससीबी विश्वविद्यालय का आईटी कैंपस शामिल हैं, ये परियोजनाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और तकनीकी विकास को मजबूती देंगी.

सिमलिपाल में आदिवासी समुदायों से संवाद
6 फरवरी को राष्ट्रपति मुर्मु ओडिशा के प्रसिद्ध सिमलिपाल बायोस्फीयर रिजर्व का दौरा करेंगी, यहां वह आदिवासी समुदायों की महिलाओं और युवाओं से सीधा संवाद करेंगी, यह क्षेत्र अपनी समृद्ध जैव विविधता और विशिष्ट आदिवासी संस्कृति के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है.
‘ब्लैक स्वान समिट, इंडिया’ में राष्ट्रपति की सहभागिता
उसी दिन राष्ट्रपति भुवनेश्वर में आयोजित ‘ब्लैक स्वान समिट, इंडिया’ में भी भाग लेंगी, ओडिशा सरकार और ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के सहयोग से आयोजित इस समिट में वित्त और तकनीक से जुड़े जोखिम प्रबंधन, मजबूती और नए अवसरों पर मंथन किया जाएगा.
छत्तीसगढ़ में ‘बस्तर पंडुम 2026’ का भव्य उद्घाटन
7 फरवरी को राष्ट्रपति अपने दौरे के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी, जगदलपुर में वह ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगी, यह सांस्कृतिक उत्सव बस्तर की आदिवासी परंपराओं, कला, शिल्प और जीवनशैली को मंच प्रदान करता है, साथ ही यह महोत्सव आदिवासी विरासत के संरक्षण, स्थानीय पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाता है.



