CG News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास पर केंद्रीय मंत्री की समीक्षा, ग्रामीण रोजगार, आवास और बस्तर विकास को लेकर दिए निर्देश
CG News: केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमारी सरकार का प्रमुख लक्ष्य रोजगार एवं स्वाबलंबी युक्त ग्राम पंचायत बनाना है, उन्होंने बताया कि, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण के लागू होने से गांवों में विकास की गति और तेज होगी, इसके लिए बजट में लगभग डेढ़ गुणा अधिक स्वीकृति प्रदान की गई है.
जल संरक्षण अभियान में महत्वपूर्ण योगदान
चौहान ने छत्तीसगढ़ में तेजी से चल रहे आवास निर्माण की गति की सराहना की और इसे अन्य राज्यों के लिए रोल मॉडल बताया, उन्होंने ‘मोर गांव मोर पानी महाअभियान’ को जल संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला बताया.

महिलाओं को स्वसहायता समूह से जोड़ने के निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को अधिक से अधिक स्वसहायता समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा, साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, मजदूरी भुगतान किसी भी स्थिति में लंबित न हो.
बस्तर विकास पर विशेष फोकस
चौहान ने बस्तर संभाग में लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि, बस्तर लंबे समय से विकास से दूर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर के समग्र विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे.

योजनाओं की समीक्षा और रिक्त पदों पर भर्ती
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएमजनमन और आरसीपीएलडब्ल्यूईए जैसी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई, साथ ही एनआरएलएम में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती कराने के निर्देश दिए गए.
छत्तीसगढ़ में आवास निर्माण के आंकड़े
बैठक में बताया गया कि, राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 24.58 लाख आवासों की स्वीकृति मिली है, जिनमें से 17.60 लाख आवास निर्माण पूर्ण हो चुके हैं,
इसके साथ ही पीएमजनमन के तहत 33,246 स्वीकृत में 18,373 आवास पूर्ण किए गए हैं,
सरकार गठन के बाद दो वर्षों में 8.41 लाख आवास निर्माण पूरे किए गए हैं, जो देश में सर्वाधिक है.
लखपति दीदी और अन्य उपलब्धियां
लखपति दीदी योजना के तहत अब तक प्रदेश में 8,000 से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं, साथ ही 5,000 से अधिक मिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, लगभग 1.5 लाख आवासों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए हैं, बैठक में नवाचार, QR कोड, दीदी के गोठ और छत्तीस कला जैसी पहलों की भी जानकारी दी गई.
बैठक में मौजूद वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित मुख्य सचिव, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.



