CG News: जनसमस्याओं के समाधान के लिए ठाकरे परिसर में फिर शुरू होगा भाजपा का सहयोग केंद्र
CG News: प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सहयोग केंद्र की शुरुआत की गई थी, इस पहल के तहत प्रदेश के मंत्री तय कार्यक्रम के अनुसार ठाकरे परिसर में बैठकर कार्यकर्ताओं के साथ उनके क्षेत्र की जनता की समस्याएं सुनते हैं और मौके पर ही समाधान का प्रयास करते हैं.

पहले भी मिल चुका है सकारात्मक परिणाम
इस सहयोग केंद्र की शुरुआत सबसे पहले वर्ष 2024 में की गई थी, सीमित अवधि में ही मंत्रियों के पास एक हजार से अधिक शिकायतें और मांगें सामने आई थीं, जिनमें से लगभग आधी समस्याओं का तत्काल समाधान कर दिया गया था, हालांकि इसके बाद केंद्र बंद हो गया, जिससे कार्यकर्ता लंबे समय तक इसके दोबारा शुरू होने का इंतजार करते रहे.
अक्टूबर में फिर खुला था
बीते वर्ष अक्टूबर में सहयोग केंद्र दोबारा शुरू किया गया, लेकिन दीपावली के कारण यह पहल केवल दो सप्ताह ही चल सकी, कम समय के बावजूद बड़ी संख्या में समस्याएं सामने आईं, जिससे इस व्यवस्था की जरूरत और उपयोगिता स्पष्ट हुई.
फरवरी में मंत्रियों का तय कार्यक्रम
अब एक बार फिर सहयोग केंद्र सक्रिय होने जा रहा है,
• 3 फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे, उनके साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय रहेंगे,
• 4 फरवरी को कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल समस्याएं सुनेंगे, उनके साथ प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी रहेंगे,
• 5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन सहयोग केंद्र में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन के साथ मौजूद रहेंगे,
• 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल समस्याएं सुनेंगे, उनके साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रंजना साहू उपस्थित रहेंगी.
कार्यकर्ताओं में बढ़ी उम्मीद
सहयोग केंद्र के दोबारा शुरू होने से भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में उम्मीद जगी है कि, उनकी लंबित समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और सरकार व संगठन के बीच संवाद और मजबूत होगा.




