CG News: बजट 2026 पर CM साय का बड़ा बयान, बोले – विकसित भारत की नींव रखने वाला ऐतिहासिक बजट
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है, उन्होंने कहा कि, कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट देश के समग्र विकास और हर नागरिक के कल्याण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और जन आकांक्षाओं की पूर्ति पर विशेष ध्यान दिया गया है.
गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के लिए राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और मध्यम वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा, उन्होंने विश्वास जताया कि, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को इससे सीधा और व्यापक लाभ मिलेगा.

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए आधुनिक तकनीक और AI आधारित कृषि को बढ़ावा देने का प्रावधान किया गया है, पशुपालन और डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने के साथ ही ग्राम स्वराज पहल के जरिए स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को नई ताकत मिलेगी.
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, स्टार्टअप, MSME, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे, पर्यटन विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और युवाओं को अपने राज्य में ही काम करने के बेहतर मौके मिलेंगे.

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बजट को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, बायोफार्मा सेक्टर में बड़े निवेश से गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती होंगी, जिला अस्पतालों के उन्नयन, ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य और आयुष को बढ़ावा देने से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी.
महिला सशक्तिकरण को नई गति
लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा, साथ ही हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण से शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं को नई सुविधाएं मिलेंगी.
उद्योग, शिक्षा और खेल पर फोकस
बजट में हाईस्पीड रेल कॉरिडोर, जलमार्ग, टेक्सटाइल पार्क और सेमीकंडक्टर मिशन जैसे बड़े प्रावधान किए गए हैं, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे.
कर सुधार और आम जनता को राहत
आयकर प्रक्रिया को सरल बनाते हुए आम जनता को राहत दी गई है, रोजमर्रा की कई वस्तुएं जैसे दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी और सोलर उत्पाद सस्ते होंगे, जिससे लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा.




