CG News: प्रोजेक्ट तेजस के तहत नव-नियुक्त आरक्षकों को कंप्यूटर प्रशिक्षण, एसपी लाल उमेद सिंह का आईटीआई रायपुर भ्रमण
CG News: शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), रायपुर में कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, इसी क्रम में रायपुर के पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने संस्था का भ्रमण किया और प्राचार्य मे. नरेंद्र उपाध्याय से मुलाकात कर प्रोजेक्ट तेजस के अंतर्गत नव-नियुक्त आरक्षकों को दिए जा रहे कंप्यूटर प्रशिक्षण पर विस्तार से चर्चा की.
तकनीकी दक्षता आज की आवश्यकता: एसपी
इस अवसर पर एसपी लाल उमेद सिंह ने कहा कि, वर्तमान समय में पुलिस कार्यप्रणाली में कंप्यूटर ज्ञान अनिवार्य हो गया है, साइबर अपराध, ऑनलाइन रिकॉर्ड, डिजिटल रिपोर्टिंग और आधुनिक तकनीकों को देखते हुए आरक्षकों को प्रारंभ से ही तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करना बेहद जरूरी है.
23 जनवरी से 2 फरवरी तक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम
आईटीआई रायपुर में 23 जनवरी से 2 फरवरी तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नव-नियुक्त आरक्षकों को कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक कुशलता से कर सकें.
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर शुरू हुआ प्रोजेक्ट तेजस
प्राचार्य मे. नरेंद्र उपाध्याय ने जानकारी दी कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिशा-निर्देश एवं रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह (IAS) के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट तेजस की शुरुआत की गई है, इस परियोजना के अंतर्गत पुलिस के साथ-साथ CRPF, CISF और BSF के जवानों को भी तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा.
अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्था के अनुभवी प्रशिक्षक राघवेन्द्र सिन्हा द्वारा कंप्यूटर की मूल जानकारी, एमएस ऑफिस, डेटा एंट्री, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, डिजिटल सुरक्षा और तकनीकी उपकरणों के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
एसपी ने की पहल की सराहना
एसपी लाल उमेद सिंह ने आईटीआई रायपुर द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि, इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे, उन्होंने संस्था प्रबंधन, प्रशिक्षकों और प्रोजेक्ट तेजस से जुड़े सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं.



