CG News: 255 करोड़ के पुलिस विकास कार्यों का सीएम साय ने किया वर्चुअली लोकार्पण, 8 नए साइबर थाने शुरू
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों में 255 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिस विभाग के विकास कार्यों का लोकार्पण किया, इस दौरान 8 नए साइबर थानों, पुलिस आवासीय भवनों, नवीन थाना भवनों और अन्य अधोसंरचनाओं को जनता को समर्पित किया गया.
पुलिस को मिला आधुनिक सुविधाओं का लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, आज का दिन पुलिस विभाग के लिए महत्वपूर्ण है, साइबर थाने, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन अत्यंत आधुनिक और सुविधाजनक बनाए गए हैं, इन आधारभूत सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी.

कानून व्यवस्था होगी और सशक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार का निरंतर प्रयास है कि, पुलिस बल को बेहतर आवास और कार्यस्थल की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी, सुदूर अंचलों तक सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक अहम कदम है.
8 नए साइबर थानों की शुरुआत
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश में साइबर थानों का विस्तार किया जा रहा है, आज जशपुर, रायगढ़, राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया है, वर्तमान में प्रदेश के 5 जिलों में साइबर थाने पहले से संचालित हैं.
थाना भवन, आवास और कैंपस भी हुए लोकार्पित
गृह मंत्री ने बताया कि, इसके साथ ही भारत वाहिनी के कैंपस, नए थाना भवन, पुलिस चौकियां, सेंट्रल आर्म्स स्टोर, ट्रांजिट हॉस्टल और पुलिस आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया, ये सभी कार्य 255 करोड़ रुपये की लागत से पूरे किए गए हैं.
वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, साथ ही मंत्रीगण, विधायक और जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए.




