CG News: छत्तीसगढ़ पुलिस के साहस और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा रजत जयंती पदक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का विधिवत विमोचन किया, इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, यह पदक प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की स्थायी पहचान बनेगा.

गणतंत्र दिवस पर की गई थी घोषणा
उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री साय ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की थी, इस घोषणा पर त्वरित अमल करते हुए आज पदक का अनावरण किया गया.

25 वर्षों के साहसिक योगदान को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि, बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के साथ-साथ नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय दिया है, कई पुलिसकर्मियों ने प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है, यह पदक उनके समर्पण और सेवा को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा.
छत्तीसगढ़ की संस्कृति से जुड़ा पदक
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि, रजत जयंती पदक छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है, यह गोल आकार का चांदी रंग का पदक होगा, जिसके अग्र भाग में साल वृक्ष और पीछे की ओर पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा, पदक को रिबन के साथ वर्दी की बाईं ओर जेब के ऊपर धारण किया जाएगा.
प्रतीकों में छिपा संदेश
पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता और टीम भावना का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, दीर्घायु और संरक्षण का संदेश देता है, यह पदक छत्तीसगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सम्मान करेगा.
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे.



