CG News: बलरामपुर हादसे पर मुख्यमंत्री साय का बड़ा फैसला
CG News: बलरामपुर के समीप हुई बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने हादसे में मृत 10 लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
बस हादसे पर मुख्यमंत्री की संवेदनाएँ
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर जिले के समीप हुई दर्दनाक बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस हृदय विदारक हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की कि दुर्घटना में मृत 10 व्यक्तियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायल व्यक्तियों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता राशि प्रशासन द्वारा तत्काल राहत और बीमा के अंतर्गत मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी। मुख्यमंत्री के इस जनहितकारी निर्णय के लिए आदिम जाति विकास मंत्री श्री राम विचार नेताम ने आभार व्यक्त किया है।
घायलों के उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सकीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाए।
सड़क सुरक्षा और भविष्य की रोकथाम पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।




