CG News: छत्तीसगढ़ में बस्तर पंडुम का संभागीय आयोजन होगा फरवरी में
CG News: छत्तीसगढ़ में बस्तर पंडुम-2026 का संभाग स्तरीय आयोजन अब 6-8 फरवरी तक जगदलपुर में होगा। इसमें 12 विधाओं के जिला स्तरीय विजेता कलाकार भाग लेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जनजातीय संस्कृति, कला और परंपरा को राष्ट्रीय पहचान देने का यह भव्य मंच बनेगा।
संभाग स्तरीय आयोजन की तिथि संशोधित
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा बस्तर पंडुम-2026 के संभाग स्तरीय आयोजन की तिथि में आंशिक संशोधन किया गया है। अब इसका आयोजन 6 से 8 फरवरी तक संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में होगा। इस अवसर पर जिला स्तरीय विजेता कलाकार और दल हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री की विशेष पहल
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से यह आयोजन जनजातीय बहुल बस्तर क्षेत्र की लोक-संस्कृति, परंपरा और विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय कला, शिल्प और सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण और संवर्धन करना है।
तीन चरणों में हो रही प्रतियोगिता
बस्तर पंडुम-2026 को तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है| जनपद, जिला और संभाग स्तर। जनपद स्तर की प्रतियोगिताएं 10 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी तक संपन्न होंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 24-29 जनवरी तक आयोजित होंगी। इसके बाद 6-8 फरवरी तक संभाग स्तरीय मंच तैयार होगा।
सात जिलों के कलाकारों का भागीदारी
इस आयोजन में बस्तर संभाग के सात जिले बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कांकेर, कोण्डागांव और नारायणपुर के कलाकार भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 12 विधाओं—लोककला, शिल्प, नृत्य, गीत-संगीत, पारंपरिक व्यंजन, बोली-भाषा, वेश-भूषा, आभूषण, वाद्य यंत्र, नाट्य और जनजातीय जीवन-पद्धति—का प्रदर्शन होगा। यह आयोजन बस्तर अंचल की संस्कृति और परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भव्य मंच प्रदान करता है।



