CG News: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 44 हैंडपंप तकनीशियनों को सौंपे नियुक्ति पत्र
CG News: रायपुर में उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने व्यापमं से चयनित 44 हैंडपंप तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने पेयजल समस्याओं के समाधान हेतु नया हेल्पलाइन नंबर 1916 भी जारी किया।
44 नए तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र
रायपुर में आज उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से चयनित 44 नए हैंडपंप तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह कार्यक्रम नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री के निवास कार्यालय में आयोजित किया गया।

नए जीवन की शुरुआत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने नवनियुक्त तकनीशियनों को बधाई देते हुए कहा कि आज से उनके नए जीवन की शुरुआत हो रही है। यह क्षण भावनात्मक होने के साथ जिम्मेदारी से भरा है। उन्होंने कहा कि शासकीय नौकरी मंज़िल नहीं, बल्कि एक नए सफर की शुरुआत है, जिसमें नई चुनौतियां और दायित्व शामिल होंगे।
पेयजल समस्याओं के लिए हेल्पलाइन 1916
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने इस अवसर पर राज्य में पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नया हेल्पलाइन नंबर 1916 जारी किया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आम नागरिकों को राहत देने और जल संकट की शिकायतों के त्वरित निराकरण में सहायक होगी।

नल-जल योजनाओं में अहम भूमिका
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव श्री मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने बताया कि राज्य में 29 हजार से अधिक नल-जल योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 7 हजार से अधिक पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नए तकनीशियन विभाग की जमीनी कड़ी बनकर प्रदेशवासियों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में प्रमुख अभियंता श्री ओंकेश चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे।



