CG News:धान खरीदी में बड़ी कार्रवाई,12 जिलों में 38 कर्मचारियों पर गिरी गाज
CG News: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गंभीर अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं। जांच के बाद राज्य के 12 जिलों में 38 कर्मचारियों पर निलंबन, सेवा समाप्ति और एफआईआर जैसी सख्त कार्रवाई की गई है।
धान खरीदी में अनियमितताओं पर सरकार की सख्ती
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी के दौरान अनियमितता बरतने पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। खाद्य विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण और भौतिक सत्यापन में गड़बड़ियां पाए जाने पर 12 जिलों के 38 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें 31 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, जबकि एक की सेवा समाप्त, दो को सेवा से पृथक और एक को कार्य से पृथक किया गया है। तीन मामलों में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
किस तरह की गड़बड़ियां सामने आईं
जांच में स्कंध में कमी, अमानक धान खरीदी, नीति के विपरीत कार्य, अवकाश के दिन खरीदी, टोकन में अनियमितता, फर्जी खरीदी, बिना आवक पर्ची धान खरीदी, अवैध वसूली और बारदाना वितरण में गड़बड़ी जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। कुल मिलाकर 30 से अधिक मामलों में अलग-अलग प्रकार की अनियमितताएं दर्ज की गईं।
दुर्ग से रायपुर तक कार्रवाई का दायरा
दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, जगदलपुर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में समिति प्रबंधकों, सहायक प्रबंधकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, भृत्यों और प्रभारी अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है। कई केंद्रों में स्कंध की कमी और अमानक धान खरीदी के चलते एफआईआर दर्ज कराई गई।
सरकार का सख्त संदेश
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से जुड़े धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी सतत निगरानी जारी रहेगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




