CG News: मेहनत, तकनीक और भरोसे से बदली किसान की तस्वीर, परखंदा के साहिल साहू ने बेचा 231 क्विंटल धान
CG News: धमतरी जिले के ग्राम परखंदा निवासी प्रगतिशील किसान साहिल साहू ने यह सिद्ध कर दिया है कि, आधुनिक सोच और सुनियोजित खेती से किसान आर्थिक रूप से सशक्त बन सकता है, खरीफ सीजन 2025–26 में उन्होंने अपने 11 एकड़ खेत में उपजाए गए धान को गाड़ाडीह उपार्जन केंद्र में समर्थन मूल्य पर बेचते हुए 231 क्विंटल धान का सफल उपार्जन किया.
पारदर्शिता और सुविधा से बढ़ा किसानों का भरोसा
साहिल साहू पिछले कई वर्षों से समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर रहे हैं, उनका कहना है कि, इस वर्ष की धान खरीदी व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और किसान-हितैषी रही, समयबद्ध तौल, सुव्यवस्थित लाइन प्रणाली, सहयोगी कर्मचारी और त्वरित प्रक्रिया के कारण किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई, जिससे समय की बचत हुई और व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ.
उन्नत बीज और संतुलित उर्वरक का सही उपयोग
अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए साहिल साहू बताते हैं कि, उन्नत किस्म के बीजों का चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और कृषि कार्यों का समय पर निष्पादन उनकी खेती की प्रमुख विशेषताएं हैं, कृषि विभाग से प्राप्त मार्गदर्शन और आधुनिक तकनीकों को अपनाने से न केवल उत्पादन में वृद्धि हुई, बल्कि फसल की गुणवत्ता भी बेहतर हुई, जिससे उन्हें उचित मूल्य प्राप्त हुआ.
आय से बढ़ी आर्थिक स्थिरता
धान विक्रय से प्राप्त आय का उपयोग साहिल साहू खेती के विस्तार, पुराने कृषि ऋणों के भुगतान और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रहे हैं, उनका मानना है कि, आर्थिक स्थिरता किसान को आत्मनिर्भर बनाती है और परिवार को सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य देने में सहायक होती है.
अन्य किसानों के लिए प्रेरणा
परखंदा के साहिल साहू की यह सफलता कहानी क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए एक प्रेरणास्रोत है, यह संदेश देती है कि, सही रणनीति, निरंतर परिश्रम और सरकारी योजनाओं के प्रभावी उपयोग से खेती को लाभ और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ाया जा सकता है.




