CG News: रायपुर में ऑटोमोबाइल मेले ‘राडा ऑटो एक्सपो-2026’ का भव्य आगाज, CM साय करेंगें उद्घाटन
CG News: ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) ने मध्य भारत के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल मेले ‘राडा ऑटो एक्सपो-2026’ के आयोजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है, यह 17 दिवसीय भव्य महाकुंभ 20 जनवरी से 05 फरवरी 2026 तक रायपुर के राम बिजनेस पार्क (ऑटो एक्सपो ग्राउंड) में आयोजित किया जाएगा.

आर्थिक छवि को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित
यह एक्सपो केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रगतिशील आर्थिक छवि को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है, छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग ने इस एक्सपो के महत्व को समझते हुए ऑटो एक्सपो ग्राउंड से खरीदी गई हर गाड़ी पर RTO लाइफटाइम टैक्स में 50% छूट देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है, राडा ने इसे ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए “गेम चेंजर” करार दिया है.

CM साय करेंगे उद्घाटन
इस ऑटोमोबाइल महाकुंभ का औपचारिक उद्घाटन 21 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कर कमलों द्वारा किया जाएगा, उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, परिवहन मंत्री केदार कश्यप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित होंगे.
29,000 से अधिक बिक्री से ₹800 करोड़ GST
पिछले एक्सपो के दौरान 29,000 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई थी, जिससे सरकार को ₹800 करोड़ से अधिक का GST राजस्व प्राप्त हुआ था, 2026 में 50% टैक्स छूट के कारण आयोजकों का लक्ष्य 50,000 से अधिक वाहनों की बिक्री और नए रिकॉर्ड बनाने का है.
ग्राहकों के लिए ‘वन स्टॉप सॉल्यूशन’
यह एक्सपो ग्राहकों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय स्तर पर तैयार किया गया है, यहाँ देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों के नवीनतम मॉडल, लक्जरी वाहन और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित होगी.
त्वरित बुकिंग और आसान फाइनेंस
ग्राहक एक्सपो स्थल पर ही ऑन-द-स्पॉट बुकिंग कर सकते हैं, साथ ही विभिन्न बैंकों के स्टॉल्स पर कम ब्याज दर पर फाइनेंस, त्वरित इंश्योरेंस और अन्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, HSRP प्लेट लगाने के लिए ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा, सरकार की 50% टैक्स छूट और डीलर्स के विशेष ऑफर्स के कारण ग्राहकों को लाखों रुपये तक की बचत होने की संभावना है.



