CG News: राष्ट्रीय वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ, छत्तीसगढ़ में चार चरणों में आयोजन
CG News: छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग की ओर से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में चार चरणों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, यह आयोजन राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने और नागरिकों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है.

जनवरी में व्यापक कार्यक्रम
द्वितीय चरण के कार्यक्रम 19 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे, इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों, ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को सामूहिक रूप से गाया जाएगा और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
रायपुर और जगदलपुर में विशेष कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस के दिन रायपुर में राज्यपाल तथा जगदलपुर में मुख्यमंत्री के आतिथ्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे, साथ ही राज्य के सभी जिला मुख्यालयों, ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा स्कूल-कॉलेजों में ध्वजारोहण के बाद बड़े पैमाने पर सामूहिक वंदे मातरम् गायन किया जाएगा, इस कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, स्थानीय अधिकारी और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी.

शैक्षणिक संस्थानों में सांस्कृतिक गतिविधियाँ
19 से 26 जनवरी के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड की सहभागिता के साथ,
• संगीतमय प्रस्तुतियाँ
• विशेष सभाएं
• निबंध प्रतियोगिता
• वाद-विवाद
• प्रश्नोत्तरी
• पोस्टर निर्माण
• रंगोली
• चित्रकला
• प्रदर्शनी
जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी,
राज्य पुलिस बैंड सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम् एवं देशभक्ति गीतों पर आधारित प्रस्तुतियाँ देगा, जिससे जनता में उत्साह और राष्ट्रीय भावना का संचार होगा.
अपनी आवाज में वंदे मातरम् रिकॉर्ड करें
सार्वजनिक एवं निजी सहभागिता के तहत प्रदेश में वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, नागरिक इन बूथों पर अपनी आवाज में वंदे मातरम् का गायन रिकॉर्ड कर अभियान के पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे, पोर्टल पर पूर्व रिकॉर्डेड धुन के साथ गायन की सुविधा भी उपलब्ध होगी.
भावनात्मक जुड़ाव और जनभागीदारी
यह आयोजन भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायत, जनपद, जिला और राज्य स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जा रहा है, इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रगीत के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है.
समय-सीमा और आयोजन
• प्रथम चरण: 7 से 14 नवंबर 2025 (सफलतापूर्वक संपन्न)
• द्वितीय चरण: 19 से 26 जनवरी 2026
• तृतीय चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)
• चतुर्थ चरण: 1 से 7 नवंबर 2026



