CG News: मोरध्वज आरंग महोत्सव–2026 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की विकास की बड़ी घोषणाएं
CG News: राजा मोरध्वज की त्याग, धर्म और सत्यनिष्ठा की गौरवशाली परंपरा को समर्पित मोरध्वज आरंग महोत्सव–2026 का समापन समारोह ऐतिहासिक गरिमा और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ, इस अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, राजा मोरध्वज का जीवन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों और आत्मबल का अमर प्रतीक है, जो आज भी समाज को सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है.
CM साय ने बताया आरंग का इतिहास
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, आरंग की यह पुण्यभूमि त्रेता युग में प्रभु श्रीराम के चरण-स्पर्श से पावन हुई और द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य स्मृतियों से अनुप्राणित रही है, इस अवसर पर उन्होंने बागेश्वर बाबा में विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सतत विकास की कामना की.

विकास को मिली नई गति
समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, उन्होंने समोदा उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने और वहां पूर्णकालिक तहसीलदार की पदस्थापना की घोषणा की, इसके साथ ही मोरध्वज महोत्सव के लिए शासकीय अनुदान को ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख करने का ऐलान किया, मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में प्रस्तावित खेल परिसर सहित अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का भी आश्वासन दिया, जिससे युवाओं को खेल और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें.
जनकल्याण को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, राज्य सरकार “मोदी की गारंटी” के अनुरूप जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है, उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को सरकार की विकास नीति का मूल आधार बताया, मुख्यमंत्री ने कहा कि, संवेदनशील शासन, त्वरित निर्णय और जनता से सीधा संवाद ही वर्तमान सरकार की पहचान है.

सैंड आर्टिस्ट हेमचंद साहू हुए सम्मानित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सैंड आर्टिस्ट हेमचंद साहू को रेत से भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीराम एवं भगवान बागेश्वरनाथ की दिव्य आकृतियाँ उकेरने के लिए सम्मानित किया, मुख्यमंत्री ने कलाकार की सृजनशीलता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि, ऐसी उत्कृष्ट कला हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करती है तथा छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्रदान करती है.
जनसहभागिता ने समारोह को बनाया ऐतिहासिक
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों, मातृशक्ति, युवाओं और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया, मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को सफल और भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए प्रदेशवासियों को मोरध्वज महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं, इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, गुरु बालकदास साहेब, सांसद विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, विधायक इंद्रकुमार साहू, मोतीलाल साहू, रोहित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.




