Jashpur News: जशपुर को 110 करोड़ की विकास सौगात, CM साय ने किए विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
Jashpur News: जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा के लिए 15 जनवरी का दिन विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक बन गया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले में बुनियादी ढांचा, खेल, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े 46 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और अवलोकन किया, इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 110 करोड़ 47 लाख रुपये है.
गौरव पथ निर्माण का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत बगीचा में बस स्टैंड के पास तहसील चौक से हाई स्कूल चौक तक बनने वाले गौरव पथ का भूमिपूजन किया, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की इस परियोजना पर लगभग 12 करोड़ 79 लाख 77 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे, गौरव पथ के निर्माण से नगर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था दोनों में सुधार होगा.
![]()
आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण
मुख्यमंत्री साय ने बगीचा में 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का अवलोकन किया, इस परिसर में दो वुडन कोर्ट, खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम, शौचालय और दर्शकों के बैठने की बेहतर व्यवस्था होगी, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मई माह तक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए.
जशपुर को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है, प्रधानमंत्री आवास योजना, धान खरीदी, तेंदूपत्ता संग्रहण मूल्य और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं से लोग सीधे लाभान्वित हो रहे हैं, उन्होंने कहा कि, मेडिकल कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, आर्चरी अकादमी और पर्यटन विकास से जशपुर जिले को एक नई पहचान मिल रही है.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण
मुख्यमंत्री साय ने 2 करोड़ 43 लाख 72 हजार रुपये की लागत से बने 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया, इस स्वास्थ्य केंद्र में जनरल सर्जरी, ईएनटी, शिशु रोग, अस्थि रोग, स्त्री रोग सहित अन्य विशेषज्ञ सेवाएं और आधुनिक लैब जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
2 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बगीचा और आसपास के वनांचल क्षेत्रों की दो लाख से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा, इसमें लगभग 14 हजार कोरवा विशेष पिछड़ी जनजाति के लोग भी शामिल हैं, संचालन के लिए 100 मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की स्वीकृति दी गई है.
मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ
नव निर्मित स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने मेगा हेल्थ कैंप का भी शुभारंभ किया, इस शिविर में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों द्वारा जांच, आवश्यक लैब टेस्ट, निशुल्क दवाओं का वितरण और गंभीर मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था की गई.
2 हजार महिलाओं को गैस कनेक्शन
मुख्यमंत्री साय उज्ज्वला महोत्सव में भी शामिल हुए, जहां 2 हजार से अधिक महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन वितरित किए गए, मुख्यमंत्री ने कहा कि, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिली है और उनके स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव आया है, इस अवसर पर मुद्रा लोन योजना के तहत चेक भी वितरित किए गए.
नए विकास कार्यों की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बगीचा क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, बगीचा–बिंदे मार्ग, कनहर नदी पर पुल निर्माण और बगीचा रेस्ट हाउस के उन्नयन की घोषणा की, मुख्य विकास कार्यों में पोड़ीखुर्द–सुलेशा दनगरी घाट सड़क, सन्ना में आर्चरी अकादमी परिसर, जशपुर–सन्ना मार्ग पर घेरडेवा नदी पुल, बगीचा–बतौली मार्ग सहित कई सड़क और पुल निर्माण शामिल हैं, इसके साथ ही सोनक्यारी में निर्मित महतारी सदन का भी लोकार्पण किया गया.
विकास से बदलेगी जशपुर की तस्वीर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, ये विकास कार्य जशपुर और बगीचा क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाले हैं, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिलेगी.



