CG News: महासमुंद में राइस मिल पर बड़ी कार्रवाई, 61 हजार बोरा धान की कमी
CG News: महासमुंद जिले के सरायपाली स्थित बालोदिया राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान 61,203 बोरा धान की कमी पाई गई। अनियमितता सामने आने पर प्रशासन ने मिल में मौजूद संपूर्ण धान और चावल का स्टॉक जब्त कर लिया।
पारदर्शिता के लिए राइस मिलों का भौतिक सत्यापन
रायपुर धान खरीदी एवं भंडारण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महासमुंद जिला प्रशासन द्वारा राइस मिलों का सतत भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में सरायपाली विकासखंड स्थित बालोदिया राइस मिल में की गई जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं।
203 बोरा धान की कमी
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली के नेतृत्व में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने राइस मिल का भौतिक सत्यापन किया। जांच में मिल परिसर में 2328 क्विंटल चावल (4656 बोरा) तथा 37,759.6 क्विंटल धान (94,399 बोरा) भौतिक रूप से उपलब्ध पाया गया। वहीं, अभिलेखों के अनुसार 61,203 बोरा धान की कमी दर्ज की गई। भारी अंतर पाए जाने पर प्रशासन ने मिल में उपलब्ध संपूर्ण धान एवं चावल के स्टॉक को जब्त कर लिया।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने बताया कि जब्ती की कार्रवाई विस्तृत जांच और आगामी कानूनी प्रक्रिया के अधीन है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी, भंडारण और परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित व पारदर्शी बनाए रखने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले राइस मिल संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



