CG News: महर्षि महेश योगी जयंती पर CM साय का नमन, बताया वैश्विक अध्यात्म का मार्गदर्शक
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महर्षि महेश योगी की जयंती (12 जनवरी) के अवसर पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि, वे विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु, दार्शनिक और योगाचार्य थे, उन्होंने भावातीत ध्यान (ट्रान्सेंडेंटल मेडिटेशन) के माध्यम से भारत की प्राचीन वैदिक चेतना को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई.
छत्तीसगढ़ की धरती से वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन भूमि राजिम के समीप पांडुका ग्राम में जन्मे महर्षि महेश योगी ने भारतीय अध्यात्म को आधुनिक विज्ञान और वैश्विक संवाद से जोड़ा, उनका जीवन साधना, अनुशासन और मानवता के कल्याण को समर्पित रहा.
तनावपूर्ण युग में प्रासंगिक संदेश
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महर्षि महेश योगी का यह संदेश कि, मनुष्य के भीतर असीम ऊर्जा, ज्ञान और संभावनाएँ निहित हैं, आज के तनावग्रस्त और प्रतिस्पर्धात्मक युग में अत्यंत प्रासंगिक है, उनकी शिक्षाएँ आत्मबोध, मानसिक शांति और संतुलित जीवन की प्रेरणा देती हैं.
शिक्षा, स्वास्थ्य और अध्यात्म में योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि, महर्षि महेश योगी द्वारा स्थापित संस्थाएँ, वैदिक विश्वविद्यालय, ध्यान केंद्र और आयुर्वेदिक परंपराएँ शिक्षा, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। उनके विचारों से प्रेरित होकर विश्वभर में लाखों लोग शांति और समरसता के लिए कार्य कर रहे हैं.
आने वाली पीढ़ियों के लिए दिव्य प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि, महर्षि महेश योगी की दिव्य शिक्षाएँ आने वाली पीढ़ियों को आत्मविकास, आंतरिक शांति और वैश्विक सद्भाव के मार्ग पर निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करती रहेंगी.




