CG News: राष्ट्रीय युवा दिवस पर CM साय का संदेश, युवाओं को बताया राष्ट्र की ताकत
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद जयंती (12 जनवरी) के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, उन्होंने कहा कि, यह दिवस युवाओं को आत्मचिंतन, आत्मबल और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
युवा शक्ति के अमर प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद
मुख्यमंत्री ने कहा कि, स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा के शाश्वत स्रोत हैं, उनके ओजस्वी विचार और मानवता से परिपूर्ण दर्शन ने भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को आत्मविश्वास, सेवा और आध्यात्मिक जागरण की दिशा दिखाई.
आत्मबल और चरित्र से होता है राष्ट्र निर्माण
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन यह सिखाता है कि, आत्मबल, चरित्र निर्माण और सेवा-भाव से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है, उनके विचार आज भी युवाओं को आत्मनिर्भर, कर्तव्यनिष्ठ और राष्ट्रहित में समर्पित बनने के लिए प्रेरित करते हैं.
रायपुर से जुड़ी स्वामी विवेकानंद की स्मृतियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व का विषय है कि स्वामी विवेकानंद ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राजधानी रायपुर में व्यतीत किया। उनसे जुड़ी स्मृतियां रायपुर की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करती हैं और प्रदेशवासियों को निरंतर प्रेरणा प्रदान करती हैं.
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि, स्वामी विवेकानंद के दार्शनिक और वैचारिक मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की युवा शक्ति को राष्ट्र सेवा और मानव कल्याण के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे.



