CG News: कौशल्या माता मंदिर में नई श्रीराम प्रतिमा, धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई गति
CG News: चंद्रखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर परिसर में स्थापना के लिए प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा मकर संक्रांति, 14 जनवरी के बाद रायपुर लाई जाएगी, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि, भगवान राम की नई प्रतिमा पूरी तरह बनकर तैयार हो चुकी है.

मूर्तिकार को हुआ पूरा भुगतान
पर्यटन मंत्री ने बताया कि, प्रतिमा निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है और मूर्तिकार को निर्धारित भुगतान भी कर दिया गया है, अब प्रतिमा को रायपुर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
विधि-विधान से होगी प्रतिमा की स्थापना
प्रतिमा रायपुर पहुंचने के बाद माता कौशल्या मंदिर परिसर में पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा की स्थापना की जाएगी, इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं.

पूर्व प्रतिमा को लेकर उठा था विवाद
गौरतलब है कि, भगवान राम के ननिहाल कहे जाने वाले चंद्रखुरी में पूर्व में स्थापित विशालकाय प्रतिमा के मुख और शारीरिक अनुपात को लेकर विवाद सामने आया था, भाजपा ने कांग्रेस शासनकाल में बनी उस प्रतिमा पर आपत्ति जताई थी.
नई सरकार में लिया गया प्रतिमा बदलने का निर्णय
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पुरानी प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया, इसके लिए मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
भुगतान अटकने से रुका था कार्य
मूर्तिकार को भुगतान में देरी के कारण प्रतिमा निर्माण और स्थापना की प्रक्रिया कुछ समय के लिए अटक गई थी, अब पूर्ण भुगतान होने के बाद प्रतिमा को चंद्रखुरी लाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
श्रद्धालुओं में उत्साह
नई प्रतिमा की स्थापना की खबर से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है, माना जा रहा है कि, प्रतिमा स्थापना के बाद चंद्रखुरी में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी.



