CG News: बलरामपुर में 14 से 16 जनवरी तक महोत्सव, CM विष्णुदेव साय करेंगे उद्घाटन
CG News: बलरामपुर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल तातापानी में 14 से 16 जनवरी तक भव्य तातापानी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 14 जनवरी को करेंगे, इस अवसर पर जिले को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है.
विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर ₹650 करोड़ की लागत से 210 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा, इसके साथ ही सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी संपन्न होगा.

कलेक्टर-एसपी ने की संयुक्त प्रेस वार्ता
महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर राजेंद्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने संयुक्त पत्रकार वार्ता की, अधिकारियों ने बताया कि, तातापानी महोत्सव जिले का सबसे बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जिसे भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं.
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष छत्तीसगढ़ के साथ-साथ झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक तातापानी पहुंच सकते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.
बुनियादी सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बताया कि मेला परिसर में,
• स्वच्छता के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती
• पेयजल की आपूर्ति टैंकरों से
• बिजली और प्रकाश व्यवस्था
• शौचालयों की संख्या में वृद्धि और मोबाइल शौचालय
• एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ और प्राथमिक उपचार केंद्र
जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: एसपी वैभव बैंकर
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि, महोत्सव की सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है, मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में,
• पुलिस बल
• महिला पुलिस
• होमगार्ड जवान
तैनात किए जाएंगे, भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सुरक्षा प्लान बनाया गया है और सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से निगरानी की जाएगी.
कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगा महोत्सव
तातापानी महोत्सव में सांस्कृतिक संध्याएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, इस दौरान
• बॉलीवुड गायक आदित्य नारायण,
• भोजपुरी गायक रितेश पांडे,
• छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार अनुज शर्मा
अपनी प्रस्तुतियों से महोत्सव में रंग जमाएंगे.
प्रशासन की आमजन से अपील
कलेक्टर और एसपी ने आम नागरिकों से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और ऐतिहासिक आयोजन के लिए सहयोग की अपील की है, प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि, तातापानी महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.




