CG News: CM विष्णु देव साय की जनदर्शन में संवेदनशील पहल, दिव्यांगों को मिला सहारा
CG News: रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया। जरूरतमंदों को बैटरी ट्राइसिकल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र प्रदान कर उनके जीवन को आत्मनिर्भर व सहज बनाने की दिशा में संवेदनशील पहल की।
जनदर्शन में संवेदनशील पहल
रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने मौके पर ही कई आवेदनों का समाधान करते हुए जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी दैनिक चुनौतियों को कम करना है।

ट्राइसिकल और व्हीलचेयर से बढ़ी आत्मनिर्भरता
जनदर्शन में आरंग से आए श्री भारत साहू को बैटरी चालित ट्राइसिकल प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि अब उन्हें आवागमन के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वहीं खमतराई निवासी श्री जीवन दास मानिकपुरी, जिनका पैर बचपन से पोलियोग्रस्त है, को भी बैटरी ट्राइसिकल दी गई। रायपुर के मोवा निवासी श्री चंदू यादव को ट्राइसिकल और सुश्री सुमन साहू को व्हीलचेयर प्रदान की गई, जिसे पाकर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
श्रवण यंत्र से लौटी सुनने की क्षमता
जनदर्शन के दौरान रायपुर निवासी श्री सागर नायक और श्री उमेश पटेल को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। श्री सागर नायक ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे यंत्र नहीं खरीद पा रहे थे। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनते ही तत्काल सहायता दी। श्रवण यंत्र मिलने पर श्री उमेश पटेल ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उनकी संवेदनशीलता की सराहना की।




