CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ऐलान, नारी सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित होगा वर्ष 2026
CG News: नूतन वर्ष 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों के नाम ऑडियो संदेश जारी कर सभी को नए साल की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं, उन्होंने प्रदेश की जनता के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ घोषित
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में घोषणा की कि, छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “महतारी गौरव वर्ष” के रूप में मनाया जाएगा, यह वर्ष मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण सशक्तिकरण को समर्पित रहेगा.
![]()
छत्तीसगढ़ी संस्कृति में महतारी का सर्वोच्च स्थान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में “महतारी” का स्थान सर्वोपरि है, नारी शक्ति त्याग, संस्कार, परिश्रम और नेतृत्व की प्रतीक है, महतारी गौरव वर्ष के माध्यम से महिलाओं के योगदान को समाज के हर क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
विकास यात्रा में मातृशक्ति की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि, पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ ने नक्सल उन्मूलन, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, इस विकास यात्रा में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है.
महिला सशक्तिकरण को नई गति
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि, महतारी गौरव वर्ष के माध्यम से महिलाएँ आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में और अधिक सशक्त होकर आगे बढ़ेंगी, मातृशक्ति के सहयोग से राज्य की विकास यात्रा और तेज़ व मजबूत होगी.
CM साय ने प्रदेशवासियों से की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि, वे नारी सम्मान, नारी सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण को अपने व्यवहार और जीवन का मूल मंत्र बनाएं, समाज की प्रगति तभी संभव है जब महिलाएँ सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त हों.
समावेशी विकास का प्रतीक बनेगा वर्ष 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि, हम सभी मिलकर वर्ष 2026 को नारी सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास का सशक्त प्रतीक बनाएँ, यही नए छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण का साझा संकल्प है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंत में सभी प्रदेशवासियों को नए वर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए शांति, उन्नति और खुशहाली की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं.



