Jashpur News: शासकीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को नई गति, CM साय की उपस्थिति में त्रिपक्षीय एमओयू पर हस्ताक्षर
Jashpur News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में आज बगिया में जशपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एक अहम करार किया गया, इस अवसर पर जिला प्रशासन जशपुर, एसईसीएल और ईडीसीआईएल के बीच त्रिपक्षीय एमओयू पर हस्ताक्षर हुए.
इन अधिकारियों ने किए हस्ताक्षर
एमओयू पर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर रोहित व्यास, एसईसीएल की ओर से जनरल मैनेजर सी. एम. वर्मा, ईडीसीआईएल की ओर से प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास सहरावत
ने हस्ताक्षर किए, मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाना आज की जरूरत है, इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरी स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी.

विद्यार्थियों में बढ़ेगी तकनीकी दक्षता
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, डिजिटल शिक्षा से विद्यार्थियों में नवाचार, जिज्ञासा और तकनीकी कौशल का विकास होगा, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा, एमओयू के तहत जशपुर जिले के चयनित शासकीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से इंटरएक्टिव पैनल स्थापित किए जाएंगे, इनकी मदद से शिक्षक डिजिटल कंटेंट, वीडियो, प्रेजेंटेशन और ई-लर्निंग संसाधनों का उपयोग कर पढ़ाई को अधिक सरल और प्रभावी बना सकेंगे.
प्रशिक्षण और मेंटेनेंस की भी व्यवस्था
समझौते में इंटरएक्टिव पैनलों की स्थापना के साथ-साथ शिक्षकों का प्रशिक्षण, संचालन और नियमित रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल है, ताकि उपकरणों का बेहतर और सतत उपयोग सुनिश्चित हो सके, इस परियोजना के लिए एसईसीएल द्वारा सीएसआर मद से 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, इसके तहत जिले के शासकीय विद्यालयों में कुल 206 इंटरएक्टिव पैनल लगाए जाएंगे, कलेक्टर रोहित व्यास ने एसईसीएल और ईडीसीआईएल के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, इस परियोजना से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा और डिजिटल शिक्षा को मजबूती मिलेगी.




