Jashpur News: जशपुर में सौर सुजला योजना बनी किसानों की उम्मीद, 755 खेतों तक पहुंची सोलर सिंचाई
Jashpur News: जशपुर जिले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी सौर सुजला योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है, इस योजना ने विशेष रूप से आदिवासी, दूरस्थ और अविद्युतीकृत क्षेत्रों में खेती की दशा और दिशा दोनों बदल दी है, बीते दो वर्षों में जिले के 755 किसानों को सोलर सिंचाई पंप उपलब्ध कराए गए हैं.
बिजली और बारिश की चिंता से मिली मुक्ति
जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बिजली की पहुंच सीमित है, पहले किसान या तो पूरी तरह मानसून पर निर्भर रहते थे या फिर महंगे डीजल पंपों से सिंचाई करते थे, सोलर पंप मिलने के बाद अब किसानों को बिजली और ईंधन खर्च से राहत मिली है और समय पर सिंचाई संभव हो पाई है.

खेतों में लौटी हरियाली, बढ़ा उत्पादन
सोलर पंप से नियमित सिंचाई होने लगी है, जिससे फसलें स्वस्थ हो रही हैं, खेतों में हरियाली लौट आई है और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है, इससे किसानों की आमदनी भी लगातार बढ़ रही है.
फसलों की गुणवत्ता में सुधार : किसान
बगीचा तहसील के किसान बंधु यादव बताते हैं कि, पहले उनकी खेती पूरी तरह बारिश पर निर्भर थी, कम बारिश होने पर फसल खराब हो जाती थी, लेकिन अब सोलर पंप की मदद से वे जरूरत के अनुसार सिंचाई कर पा रहे हैं. इससे फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों में सुधार हुआ है.
सब्जी खेती से बढ़ी आय
फरसाबहार के किसान दुलार साय ने सोलर पंप मिलने के बाद खेती का दायरा बढ़ाया है, अब वे पारंपरिक फसलों के साथ-साथ सब्जियों की खेती भी कर रहे हैं, इसका सीधा असर उनकी आमदनी पर पड़ा है और परिवार की आय लगभग दोगुनी हो गई है.
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रहा बल
सौर सुजला योजना न सिर्फ सिंचाई की समस्या का समाधान कर रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही है, यह योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है.



