CG News: दिव्य हनुमंत कथा में शामिल हुए CM साय और रमन सिंह, बोले – एक दिन साकार होगी अखंड भारत की कल्पना
CG News: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित जयंती स्टेडियम मैदान में आयोजित पांच दिवसीय दिव्य हनुमंत कथा समारोह में शनिवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल हुए, यह आयोजन सेवा समर्पण समिति द्वारा 25 दिसंबर से 29 दिसंबर 2025 तक किया जा रहा है.
छत्तीसगढ़ को मिला आशीर्वाद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि, पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज का आशीर्वाद प्रदेश को निरंतर मिलता रहा है, उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम की वनवास लीला से जुड़ा पावन भूभाग है, जहां उन्होंने अपने वनवास का अधिकांश समय व्यतीत किया.

माता शबरी की भूमि है छत्तीसगढ़ : CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़ माता शबरी की भी तपोभूमि है, जहां भक्त माता शबरी ने प्रभु श्रीराम को अपने प्रेम और भक्ति से जूठे बेर खिलाए थे, यह भूमि आस्था, सेवा और समर्पण की प्रतीक रही है, मुख्यमंत्री साय ने श्रीराम लला अयोध्या धाम दर्शन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि, अब तक 38 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जा चुके हैं और यह सिलसिला निरंतर जारी है.
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना पुनः शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि, विगत पाँच वर्षों से बंद मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा दर्शन योजना को पुनः प्रारंभ किया गया है, अब तक 5,000 से अधिक बुजुर्ग श्रद्धालु इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं, योजना के अंतर्गत देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं.
महतारी वंदन योजना से सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं, इस योजना से लगभग 70 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं, मुख्यमंत्री ने सारंगढ़ जिले के ग्राम दानसरा का उदाहरण देते हुए बताया कि, वहां की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि से चंदा एकत्र कर प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्माण प्रारंभ किया है, जो महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल है.
अखंड भारत की कल्पना एक दिन साकार: रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि, पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा प्रस्तुत अखंड भारत की कल्पना एक दिन अवश्य साकार होगी, उन्होंने कहा कि, देश और दुनिया में जागरण का यह समय है और भारत को विश्व गुरु बनाने का समय आ चुका है, इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सपत्निक आरती में शामिल हुए और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी दिव्य बना दिया.



