CG News: ‘छत्तीसगढ़ी फिल्मों का सफर’ कार्यक्रम में शामिल हुए CM साय, छालीवुड के स्वर्णिम भविष्य का जताया विश्वास
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित “छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ी फिल्मों का सफर” कार्यक्रम में शामिल हुए, यह आयोजन छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम द्वारा किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए.
छालीवुड की नींव रखने वालों को किया स्मरण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के गठन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि, छालीवुड की मजबूत नींव रखने में उनकी अहम भूमिका रही है, उन्होंने निगम के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय राजेश अवस्थी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को उल्लेखनीय बताया.

छत्तीसगढ़ी सिनेमा का नया दौर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़ी सिनेमा आज एक नए और सशक्त दौर में प्रवेश कर चुका है, उन्होंने छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की वर्तमान अध्यक्ष सुमोना सेन को अनुभवी, कर्मठ और समर्पित कलाकार बताते हुए विश्वास जताया कि, उनके नेतृत्व में छालीवुड का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा.
छत्तीसगढ़ी फिल्मों की पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ी सिनेमा की जड़ें लोकसंस्कृति, लोककथाओं और सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़ी हुई हैं, उन्होंने कहा कि, यह सिनेमा प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता का जीवंत दस्तावेज है, जो छत्तीसगढ़ की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचा रहा है.

फिल्म निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि, वर्ष 1957 से प्रदेश में फिल्मों का निर्माण प्रारंभ हुआ, उन्होंने “भूलन द मेज” फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने को पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया.
फिल्म सिटी के लिए 150 करोड़ की स्वीकृति
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, राज्य सरकार छत्तीसगढ़ी फिल्मों के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, इसी क्रम में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का निर्माण किया जा रहा है, जिसके लिए 150 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, उन्होंने छालीवुड के भविष्य को स्वर्णिम बताया.
रजत जयंती वर्ष बना विकास का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, यह वर्ष प्रदेश के चहुंमुखी विकास की नई कहानी लिख रहा है, उन्होंने आशा जताई कि, यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
छत्तीसगढ़ी सिनेमा के दिग्गजों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले निर्माता एवं वरिष्ठ कलाकार मोहन सुंदरानी, सतीश जैन, संतोष जैन, मनोज वर्मा, अनुज शर्मा और प्रेम चंद्राकर को सम्मानित किया, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुमोना सेन ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए निगम के पुनर्गठन के लिए आभार जताया, उन्होंने “मोर छइंहा भुइंया” फिल्म को छत्तीसगढ़ी सिनेमा की पहचान बनाने वाली फिल्म बताया और उद्योग के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.




