CG News : छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, रफ्तार तेज!
CG News : राज्य में 14.54 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हुईरायपुर, 19 नवंबर 2025/छत्तीसगढ़ राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य अब तेजी पकड़ने लगा है। 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के 5वें दिन, 19 नवंबर को किसानों से 7 लाख 11 हजार 335 क्विंटल धान की खरीदी की गई। यह आँकड़ा बीते चार दिनों में खरीदे गए धान की मात्रा के लगभग बराबर है, जो धान की आवक में आई तेजी को दर्शाता है।15 नवंबर से लेकर 19 नवंबर तक, राज्य में कुल 14 लाख 54 हजार 451 क्विंटल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा चुकी है।
किसानों को तत्काल भुगतान शुरू
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार, धान खरीदी के साथ ही किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान भी शुरू कर दिया गया है। मार्कफेड द्वारा इसके लिए अपेक्स बैंक को 214.18 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।बैंक गारंटी: छत्तीसगढ़ सरकार ने क्रय किए गए धान के मूल्य भुगतान के लिए मार्कफेड को पहले ही 26,200 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी दे रखी है।
‘टोकन तुंहर एप्प‘ से सुविधा
किसानों को धान बेचने में आसानी हो, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई ‘टोकन तुंहर एप्प‘ की ऑनलाइन व्यवस्था काफी सहायक सिद्ध हो रही है। किसानों का कहना है कि इसके माध्यम से टोकन प्राप्त करना और धान बेचना आसान हो गया है।
उपार्जन केन्द्रों में धान की तेज आवक
धान खरीदी की व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी केन्द्रों पर अधिकारी तैनात हैं। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैदानी हिस्से के जिलों में धान की आवक काफी तेज हो गई है।
अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी
धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बाहर से धान की आवक रोकने के लिए चेकपोस्ट पर अधिकारी तैनात हैं और मालवाहकों की औचक जांच भी की जा रही है।अभियान के तहत कार्रवाई: सघन अभियान के अंतर्गत अब तक धान के अवैध संग्रहण एवं परिवहन के कुल 373 मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें 25,567 क्विंटल धान पकड़ा गया है।




