CG News : जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को नया आयाम, सत्यसाईं मातृत्व शिशु एवं बाल हृदय रोग अस्पताल की स्थापना
CG News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार नई ऊँचाइयों को छू रही हैं। इसी कड़ी में फरसाबहार क्षेत्र में सत्यसाईं मातृत्व शिशु चिकित्सालय एवं अत्याधुनिक बाल हृदय रोग उपचार अस्पताल की स्थापना की जा रही है। यह अस्पताल देश की प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्था सत्यसाईं ट्रस्ट द्वारा स्थापित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने अस्पताल के लिए पांच एकड़ भूमि चिन्हित कर ली है। स्थायी भवन निर्माण तक अस्पताल का संचालन फरसाबहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अस्थायी रूप से किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने इस महत्वपूर्ण पहल की घोषणा फरसाबहार में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प शिविर के दौरान की।
40,000 से अधिक बच्चों का इलाज
मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर स्थित सत्यसाईं अस्पताल पूरे देश में नि:स्वार्थ सेवा के लिए जाना जाता है, जहां बच्चों के हृदय रोग का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाता है। अस्पताल में कैश काउंटर तक नहीं है और अब तक 40,000 से अधिक बच्चों का इलाज किया जा चुका है।
साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उन्होंने ट्रस्ट से जशपुर जैसे आदिवासी बहुल जिले में स्वास्थ्य सेवा विस्तार का आग्रह किया। इसके परिणामस्वरूप फरसाबहार में यह अस्पताल स्थापित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अस्पताल जिले और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों के बच्चों के लिए वरदान साबित होगा, जिससे उन्हें उच्चस्तरीय और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिसंबर 2023 में पदभार ग्रहण करने के बाद जशपुर जिले में स्वास्थ्य क्षेत्र में कई ऐतिहासिक सुधार हुए हैं:
-
कुनकुरी मेडिकल कॉलेज: 220 बिस्तरों वाले अस्पताल के लिए ₹32 करोड़ स्वीकृत, 90 पदों की स्वीकृति, भूमि चिन्हांकित और अस्थायी संचालन के लिए राजा देवशरण जिला चिकित्सालय तैयार।
-
जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय, जशपुरनगर: ₹35 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन, सीटी स्कैन और अत्याधुनिक आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध।
-
गिनाबहार मातृ-शिशु अस्पताल (MCH): गर्भवती माताओं और नवजात शिशुओं के लिए उच्चस्तरीय केंद्र निर्माणाधीन।
-
नर्सिंग एवं फिजियोथेरेपी कॉलेज: स्वास्थ्य शिक्षा में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम।
-
कुनकुरी डायलिसिस केंद्र: किडनी रोगियों को निःशुल्क सेवा प्रदान।
साथ ही 6 उप-स्वास्थ्य केंद्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अपग्रेड, एंबुलेंस संख्या में वृद्धि और चिकित्सा स्टाफ की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच में तेजी आई है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की यह संवेदनशील पहल साबित करती है कि राज्य सरकार जशपुर को प्रदेश का मॉडल स्वास्थ्य जिला बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। सत्यसाईं ट्रस्ट द्वारा स्थापित अस्पताल आदिवासी अंचल में भी विश्वस्तरीय, निःशुल्क और सेवा भावना से युक्त चिकित्सा सुविधाओं की सुविधा सुनिश्चित करेगा।



