CG News: रायपुर में राशन दुकानों का संचालन अब पंचायतों के हाथ
CG News: रायपुर में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने धान खरीदी में सहयोग नहीं करने पर सहकारी समितियों द्वारा संचालित 250 राशन दुकानों का आवंटन रद्द कर उन्हें ग्राम पंचायतों को सौंप दिया। हड़ताल पर रहे 12 कंप्यूटर ऑपरेटरों पर एस्मा के तहत एफआईआर दर्ज हुई। समितियों को यह निर्णय बड़ा झटका माना जा रहा है।
250 राशन दुकानों का आवंटन रद्द
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारी समितियों द्वारा संचालित 250 राशन दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया है। शिकायतें मिल रही थीं कि समितियां धान खरीदी में सहयोग नहीं कर रहीं और किसानों को अनावश्यक रूप से रोक रही हैं। अब इन दुकानों का संचालन ग्राम पंचायतों को सौंप दिया गया है और पंचायतों से कहा गया है कि वे स्थानीय स्तर पर इनका संचालन करें।
हड़ताली कर्मचारियों पर केस
सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार ने एस्मा लागू कर दिया है। ड्यूटी पर नहीं लौटने पर रायपुर के विभिन्न थानों में 12 कंप्यूटर ऑपरेटरों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इनमें पुरानी बस्ती, धरसींवा, तिल्दा और खरोरा क्षेत्र के कर्मचारी शामिल हैं।
समितियों को बड़ा झटका
कलेक्टर के इस निर्णय से हड़ताल कर रहे समिति प्रबंधकों को बड़ा झटका लगा है। उनका आरोप है कि हड़ताल तोड़ने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से राशन दुकानों का संचालन समितियां करती आ रही थीं, लेकिन अब पंचायतें उनकी जिम्मेदारी संभालेंगी।



