CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टर कांफ्रेंस में कलेक्टरों को लगाई फटकार
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित कलेक्टर कान्फ्रेंस में राज्य की प्राथमिक योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कई जिलों के कमजोर प्रदर्शन पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्था पर सीधे कलेक्टर जिम्मेदार होंगे।
स्वास्थ्य सेवाओ पर सख्त निर्देश
साय ने सरकारी अस्पतालों में फैल रही अव्यवस्था पर तीखी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिया कि वे अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें और चिकित्सा सेवाओं को व्यवस्थित करें, क्योंकि जनता इलाज के लिए आती है, परेशानी झेलने के लिए नहीं।
मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देश
मुख्यमंत्री ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने को सरकार की प्राथमिकता बताया,उन्होंने निर्देश दिया कि हर प्रसव अस्पताल में हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए। टीकाकरण सत्रों की पारदर्शिता, एनआरसी केंद्रों के सतत संचालन और मैटरनल डेथ ऑडिट को हर मामले में अनिवार्य बताया गया।
मुख्यमंत्री ने की सराहना
सुपोषण योजना पर दुर्ग के कलेक्टर अभिजीत सिंह, राजनांदगांव जिला पंचायत की सीईओ सुरुचि सिंह और मोहला-मानपुर की कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने प्रेजेंटेशन दिया।मुख्यमंत्री ने इन जिलों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुपोषण अभियान केवल आंकड़ों की योजना नहीं, बल्कि बच्चों और माताओं के भविष्य से जुड़ी जिम्मेदारी है।
सुपोषण अभियान
राजनांदगांव जिले को सुपोषण कार्यों में सर्वश्रेष्ठ बताया गया। मोहला-मानपुर को नीति आयोग द्वारा पुरस्कृत होने पर बधाई दी गई। बीजापुर जिले में मलेरिया उन्मूलन के कार्य को भी सराहा गया।
स्व-सहायता समूहों के मॉडल पर ज़ोर
रेडी टू ईट योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां स्व-सहायता समूहों को जिम्मेदारी दी गई है, वहां परिणाम बेहतर दिखे हैं। उन्होंने दंतेवाड़ा और रायगढ़ जिलों के कलेक्टरों की सराहना की।
बच्चों के पोषण
अन्य जिलों को भी तेजी से इस मॉडल को अपनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ बच्चों के पोषण में भी अहम भूमिका निभा रही है।
यह भी पढ़े: CG News : बिहार NDA सीट बंटवारे पर बड़ी खबर: JDU लड़ेगी 105 सीटों पर चुनाव
