CG News: छत्तीसगढ़ के भाई-बहन ने AI समिट में जीता देशभर में पहला स्थान
CG News: दिल्ली में आयोजित AI इंपैक्ट समिट के इंडिया AI बिल्डथॉन में रायपुर के अनुराग और आस्था मानिक ने 40,000 प्रतिभागियों के बीच प्रथम स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा और तकनीकी क्षमता का प्रतीक बताते हुए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का गौरव
दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से 40,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। तीन कठिन चरणों को पार करते हुए अनुराग और आस्था ने शीर्ष स्थान हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं की मेहनत, नवाचार और तकनीकी कौशल का प्रमाण है।
AI ऐप बना आकर्षण का केंद्र
प्रतियोगिता में प्रस्तुत उनका “कर्तव्य” AI एप विशेष चर्चा का विषय रहा। यह एप AI-जनित आवाज और वास्तविक आवाज के बीच अंतर पहचानकर डिजिटल फ्रॉड से लोगों को सुरक्षित रखने में मदद करेगा। तकनीक को सामाजिक सरोकार से जोड़ने का यह प्रयास डिजिटल युग में बेहद उपयोगी माना जा रहा है।
युवाओं के लिए सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य के युवा परंपरा और आधुनिकता के संतुलन के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के युवा देश-दुनिया में राज्य की पहचान मजबूत करेंगे। साथ ही सरकार तकनीक, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं को निरंतर अवसर और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।



