CG News: रायपुर में ऐतिहासिक मंचन, साहस और रणनीति की सीख दे गया कार्यक्रम
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में महानाट्य ‘जाणता राजा’ के मंचन में शिवाजी महाराज के जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए युवाओं से उनके आदर्श अपनाने की अपील की। कार्यक्रम 22 फरवरी तक चलेगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों की भागीदारी और भव्य मंच सज्जा दर्शकों को ऐतिहासिक अनुभव दे रही है।
शिवाजी का जीवन साहस और नेतृत्व की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवाजी महाराज ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत साहस और बुद्धिमत्ता का परिचय दिया। अफजल खाँ और शाइस्ता खान के विरुद्ध उनकी रणनीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सूझबूझ और धैर्य से बड़ी से बड़ी चुनौती को भी जीता जा सकता है। उन्होंने माता जीजाबाई के संस्कारों को शिवाजी के चरित्र की आधारशिला बताया।
‘जाणता राजा’ महानाट्य का भव्य मंचन
राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित यह ऐतिहासिक महानाट्य 22 फरवरी तक प्रतिदिन शाम को प्रस्तुत किया जाएगा। लगभग तीन घंटे की प्रस्तुति शिवाजी महाराज के जीवन और हिंदवी स्वराज्य की स्थापना की गाथा पर आधारित है। विशाल मंच सज्जा, सजीव दृश्य और तकनीकी उत्कृष्टता दर्शकों को ऐतिहासिक काल का अनुभव करा रही है।
स्थानीय कलाकारों की भागीदारी
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम के लिए महाराष्ट्र मंडल में ऑडिशन के बाद लगभग 40 स्थानीय कलाकारों का चयन किया गया। निर्देशक योगेश शिरोले के मार्गदर्शन में कलाकारों ने तैयारी की। मंचन में घोड़े, ऊंट, सैनिक टुकड़ी, पारंपरिक कोली गीत और विशेष प्रकाश व्यवस्था आकर्षण का केंद्र रहे।कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



