CG News: छत्तीसगढ़ बनेगा देश की ऊर्जा राजधानी, 3.4 लाख करोड़ निवेश का रोडमैप
CG News: छत्तीसगढ़ में ऊर्जा उत्पादन, पारेषण और वितरण क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। राज्य की स्थापित क्षमता 30,671.7 मेगावाट पहुंच गई है। सरकार नवीकरणीय ऊर्जा, पंप स्टोरेज परियोजनाओं और नई बिजली परियोजनाओं के जरिए 3.4 लाख करोड़ निवेश आकर्षित कर प्रदेश को ऊर्जा राजधानी बनाने की दिशा में काम कर रही है।
30 हजार मेगावाट से अधिक क्षमता
ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव ने बताया कि वर्तमान में राज्य की कुल स्थापित बिजली क्षमता 30,671.7 मेगावाट है, जिसमें ताप विद्युत का सबसे बड़ा हिस्सा है। इसके अलावा जल विद्युत, सौर और बायोमास स्रोतों से भी उत्पादन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेट जीरो लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
![]()
पंप स्टोरेज और सौर परियोजनाओं पर फोकस
राज्य सरकार की पंप स्टोरेज नीति 2023 के तहत 8,300 मेगावाट क्षमता के छह स्थलों का चिन्हांकन किया गया है। वहीं निजी क्षेत्र में भी 5,000 मेगावाट परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। NTPC Green Energy Limited के साथ संयुक्त उपक्रम में लगभग 2,000 मेगावाट परियोजनाएं विकसित हो रही हैं, जिनमें फ्लोटिंग सोलर और बैटरी स्टोरेज सिस्टम शामिल हैं।
3.4 लाख करोड़ निवेश से ऊर्जा राजधानी बनने की दिशा
डॉ. यादव ने बताया कि 32,100 मेगावाट नई परियोजनाओं के लिए एमओयू किए गए हैं, जिनमें ताप, न्यूक्लियर, फ्लोटिंग सोलर और पंप स्टोरेज शामिल हैं। इससे लगभग 3.4 लाख करोड़ निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है। पारेषण और वितरण क्षेत्र में भी उपकेन्द्रों की संख्या बढ़ी है तथा 65 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली सुविधा मिल रही है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, पीएम कुसुम और किसान विद्युत सहायता योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम में विभागीय वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।




