CG News : छत्तीसगढ़ की बेटियों ने रचा इतिहास, ए डिवीजन में बनाई जगह
CG News : 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 8-2 से हराया और बी डिवीजन से ए डिवीजन में क्वालीफाई किया। मनप्रीत ने 4 गोल दागे और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं। टीम ने वेस्ट बंगाल और तमिलनाडु को भी हराया था।
हॉकी में लगातार तीसरी जीत
हॉकी इंडिया के मार्गदर्शन में रांची में आयोजित 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 में छत्तीसगढ़ की टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए गुजरात को 8-2 से हराकर बी डिवीजन से ए डिवीजन में क्वालीफाई कर लिया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ छत्तीसगढ़ ने विजेता होने का गौरव हासिल किया।
इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ की ओर से मनप्रीत ने चार गोल, ट्विंकल ने तीन गोल और अंजलि एक्का ने एक गोल दागा। अपने दमदार प्रदर्शन के लिए मनप्रीत को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से सम्मानित किया गया।
हर मैच में दमदार प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ ने इससे पहले वेस्ट बंगाल को 5-0 और तमिलनाडु को 2-1 से हराकर अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की थी। टीम ने प्रतियोगिता में लगातार तीन मैच जीतकर हैट्रिक बनाई और पूरे टूर्नामेंट में अपने उत्कृष्ट खेल से सबका ध्यान खींचा।
डिफेंस बना ताकत
टीम के कोच और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने बताया कि छत्तीसगढ़ बी डिवीजन में सबसे कम गोल खाने वाली टीम रही। इस सफलता में गोलकीपर नौरीन हयात अंसारी, विशाखा, केसर साहू, अंजलि एक्का, जिज्ञासा कश्यप, सुधा साहू, स्मिता कुजूर, सरिता, श्यामली, सुरेखा और अजमत जैसे खिलाड़ियों ने मजबूत डिफेंस और अनुशासित खेल दिखाया।
28 टीमों में छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास
3 से 14 जुलाई तक रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की 28 प्रतिष्ठित टीमों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ की इस शानदार जीत की सराहना हॉकी इंडिया के महासचिव और एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने भी की।
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फिरोज़ अंसारी ने टीम की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई और खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़े : CG News : छत्तीसगढ़ की ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक दर्दनाक घटना
Author: Safeek khan
I create real art through my articles..



