CG News: मुंगेली जिले को मिली 65 लाख की मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अपराध जांच में आएगी नई तकनीकी ताकत
CG News: केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गृह मंत्री अमित शाह की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। इसी क्रम में मुंगेली जिले को करीब 65 लाख रुपये की आधुनिक फॉरेंसिक वैन प्राप्त हुई है, इस वैन को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों को इसके तकनीकी उपयोग की जानकारी दी गई।

मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ
कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय से वर्चुअली जुड़कर मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर सेवा के लिए रवाना किया, यह वैन अब मुंगेली जिले में अपराध अनुसंधान को नई दिशा देगी।

अपराध जांच में आएगी तेजी
बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि यह वैन वैज्ञानिक जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, इससे घटनास्थल पर ही प्रारंभिक फॉरेंसिक जांच संभव होगी, जिससे अपराधियों तक पहुंचने में तेजी आएगी और साक्ष्य मजबूत होंगे।
निष्पक्ष जांच में मददगार साबित होगी वैन
मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने में मदद करेगी, उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था में साक्ष्यों की अहम भूमिका होती है और यह वैन जांच को अधिक सटीक बनाएगी।
तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया
कार्यशाला में फॉरेंसिक विशेषज्ञ सुश्री ज्योत्सना लकड़ा ने पुलिस अधिकारियों को वैन में मौजूद आधुनिक उपकरणों की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य संग्रह, उनकी सुरक्षा और वैज्ञानिक तरीके से जांच करना अत्यंत आवश्यक है ताकि अदालत में साक्ष्य मान्य रहें, इस कार्यक्रम में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा, डीएसपी हरविंदर सिंह सहित कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



